लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
ओडिशा के बालासोर जिले में शनिवार तड़के ATM लूट की फिल्मी वारदात सामने आई। पांच से अधिक बदमाश महिंद्रा थार SUV में पहुंचे, ATM कियोस्क का दरवाजा तोड़ा और रस्सी से मशीन को वाहन के पीछे बांधकर उसकी नींव से उखाड़ लिया। इसके बाद ATM को सड़क पर घसीटते हुए सुनसान जगह ले जाया गया।
सुनसान स्थान पर बदमाशों ने ATM मशीन को तोड़ने की कोशिश की और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में ATM मशीन थार के पीछे बंधी हुई सड़क पर घिसटती साफ दिखाई दे रही है, जिसे पुलिस जांच का अहम सुराग मान रही है।
घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त ATM बरामद कर लिया है। बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर यह पता लगाया जा रहा है कि मशीन में कितनी नकदी थी और कितनी रकम बदमाश लेकर भागे। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर थार और उसमें सवार आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।