लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
दिल्ली के पूर्वी जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिल्ली पुलिस के एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में तैनात कॉन्स्टेबल मनीष कुमार पर अपनी पत्नी प्रियंका की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी कॉन्स्टेबल और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद कथित तौर पर कॉन्स्टेबल ने अपनी पिस्टल से पत्नी को गोली मार दी। मृतका प्रियंका एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं।
वारदात के बाद आरोपी अपनी घायल पत्नी को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के पीछे घरेलू विवाद समेत अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।