लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और मुरादाबाद पुलिस ने बुधवार देर रात संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार के इनामी शार्प शूटर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी को मुठभेड़ में मार गिराया।
पुलिस के अनुसार, कुख्यात अपराधी आशु चड्ढा उर्फ मोंटी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर था। वह हाल ही में मुरादाबाद के एक निर्यातक से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि आरोपी की तलाश में STF मेरठ यूनिट और स्थानीय पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। बुधवार देर रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पोस्टमार्टम हाउस के पास घेराबंदी की गई।
खुद को घिरता देख मोंटी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह के अनुसार, मौके से एक स्विफ्ट कार, .32 बोर की पिस्टल, रिवॉल्वर और 12 बोर की बंदूक बरामद की गई है। इसके अलावा बड़ी संख्या में कारतूस और खोखे भी मिले हैं।
बताया जा रहा है कि मोंटी के खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और मुरादाबाद में हत्या, रंगदारी समेत करीब 36 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।