लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
रेलवे रोड पर पुरानी रंजिश को लेकर हुए चाकूबाजी के मामले में घायल नाबालिग सागर की इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब डेढ़ महीने तक विभिन्न अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद रविवार शाम उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने पहले से दर्ज जानलेवा हमले के मामले को हत्या में परिवर्तित कर दिया है।
गोपाल कॉलोनी निवासी सागर के पिता मुकेश के अनुसार, 12 फरवरी की रात उन्हें सूचना मिली थी कि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल अवस्था में सरकारी अस्पताल में भर्ती है। वहां से सागर की नाजुक हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया था।
इलाज के दौरान सागर ने परिजनों को बताया था कि वह किसी काम से रेलवे रोड गया था, जहां उसकी मुलाकात ईदगाह कॉलोनी के एक नाबालिग से हुई। दोनों के बीच पहले से विवाद था। मौके पर आरोपी ने पुरानी रंजिश निकालते हुए सागर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और फरार हो गया।
घटना के बाद सागर को रोहतक पीजीआई सहित कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। अंततः इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।