लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक 30 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार शाम करीब 4 बजे तिगड़ी इलाके में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शुभम राजपूत ने अपनी पत्नी पर चार गोलियां चलाईं। गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शुभम राजपूत का दूसरी महिला से संबंध था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी सट्टेबाजी में भी शामिल था। पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।