लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
पालघर (महाराष्ट्र): जिले में एक सहकारी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी से साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए स्टॉक मार्केट में निवेश और अधिक मुनाफे का लालच देकर 46.41 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित अधिकारी को अप्रैल से जून 2024 के बीच कई निवेश संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। आरोपियों ने खुद को प्रतिष्ठित निवेश कंपनियों के प्रतिनिधि बताकर भरोसा जीतने की कोशिश की और उन्हें फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए लिंक भेजे। इसके बाद निवेशक से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए गए।
शुरुआत में पीड़ित को फर्जी ऐप पर भारी मुनाफा दिखाया गया, जिससे उनका विश्वास और बढ़ गया। बाद में जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो उनसे अतिरिक्त “टैक्स” जमा करने की मांग की गई, जिसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।