लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से कथित तौर पर 7.5 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दावा किया था कि उनके मंत्रालय में अच्छे संपर्क हैं और वे पीड़ित को सरकारी नौकरी दिलवा सकते हैं। आरोप है कि इसी भरोसे में लेकर उससे पैसे लिए गए।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित को वन विभाग में वन रक्षक की नौकरी लगवाने का वादा किया था। लेकिन नौकरी नहीं मिलने के बाद ठगी का मामला सामने आया।
इस मामले में शिकायत एक महिला कार्यकर्ता ने दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके भतीजे से नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लिए थे।
शिकायतकर्ता ने इस मामले में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पि ए(PA) प्रभाकर काले की कथित संलिप्तता का आरोप लगाया है। हालांकि, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक की जांच में प्रभाकर काले की भूमिका सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।