लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में अब गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी दिशा से आ रही तेज और शुष्क हवाओं के कारण महज 24 घंटे में तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने स्थिति को गंभीर मानते हुए आगामी चार दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को अंबिकापुर शहर का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर तेज धूप और लू जैसी स्थिति बनी रही, जबकि शाम के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम से आने वाली गर्म हवाएं लगातार इस क्षेत्र को प्रभावित कर रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। आसमान साफ रहने के कारण आने वाले दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अप्रैल के शुरुआती दिनों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान नियंत्रित था और 28 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ था। लेकिन अब इसके कमजोर पड़ने के बाद गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है।
मौसम विज्ञान केंद्र अंबिकापुर के मेट्रोलॉजिस्ट एएम भट्ट ने बताया कि राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं का असर इस क्षेत्र में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है तथा दोपहर बाद तेज अंधड़ चलने की भी संभावना बनी हुई है, जिससे मौसम अचानक बदल सकता है।