गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों में अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है।
विभाग के अनुसार सरगुजा, मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने वज्रपात की आशंका भी जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी ओडिशा और दक्षिण गंगा क्षेत्रीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने ऊपरी वायु चक्रवात का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है, जिसके चलते यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
राज्य में फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव में 40 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा।