गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
सोनीपत के राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सोमवार अल सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। सभी युवक दिल्ली से मुरथल के ढाबों पर परांठे खाने के बाद वापस लौट रहे थे।हादसा राई क्षेत्र के पास हुआ, जब तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय बिलाल और 24 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है। कार बिलाल चला रहा था। हादसे में घायल अन्य युवकों में साहिब, ऊकेद, राहुल, फरिया और ताबीस शामिल हैं। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायलों को रोहतक रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सभी दोस्त दिल्ली के चांद बाग और भजनपुरा इलाके के रहने वाले थे और रविवार रात मुरथल गए थे। भोजन के बाद वापसी के दौरान यह हादसा हो गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच शुरू कर दी है।