लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
झारखंड के जमशेदपुर में छेड़खानी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि महिला से बदसलूकी का विरोध करने पर हिमांशु सिंह पर हमला किया गया, जिसमें इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में एक बार के पास हुई। हिमांशु सिंह और एक अन्य युवक ने कथित तौर पर छेड़खानी का विरोध किया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को गाड़ी में बैठाकर ले गई, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें पुलिस वाहन से बाहर खींचकर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में विरोध प्रदर्शन हुआ। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जांच में पुलिस गश्ती दल की लापरवाही सामने आने के बाद तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। निलंबित कर्मियों में दो सहायक उप निरीक्षक और एक कांस्टेबल शामिल हैं।