लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Uttar Pradesh में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और आसान तरीके से देने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अभियान तेज कर दिया गया है। अब तक राज्य के 1 करोड़ 72 लाख 6 हजार 355 किसान इस रजिस्ट्री से जुड़ चुके हैं और उन्हें PM Kisan Samman Nidhi Yojana का लाभ मिल रहा है।
राज्य की Yogi Adityanath Government ने शेष किसानों को जोड़ने के लिए 15 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत प्रदेश के हर ग्राम सचिवालय में शिविर लगाकर किसानों का पंजीकरण किया जाएगा।
सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है, ताकि उन्हें पीएम किसान योजना समेत अन्य कृषि योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। अभियान के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
शिविरों में किसानों के पंजीकरण के साथ-साथ नाम या अन्य विवरणों में त्रुटियों का मौके पर ही सुधार किया जाएगा। इस कार्य में ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और लेखपालों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक लेखपाल को अपने क्षेत्र की कम से कम एक ग्राम पंचायत के शिविर में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि 15 मई के बाद केवल उन्हीं किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिनका नाम फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज होगा।
गौरतलब है कि सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए “यूपी फार्मर रजिस्ट्री” नामक डिजिटल पोर्टल भी शुरू किया है। इससे न केवल किसानों का सटीक डाटाबेस तैयार होगा, बल्कि भविष्य में योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और तेजी भी आएगी।