गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शिमला में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की संपत्तियों की पहचान कर उनकी जांच की जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। उपायुक्त ने कहा कि पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और हाल ही में एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ भी हुआ है।
उन्होंने निर्देश दिए कि पटवारी अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी एकत्र कर एसडीएम को भेजें, ताकि संपत्तियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। साथ ही, राजस्व विभाग और अन्य विभागों को पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है।
“ड्रग फ्री हिमाचल” मोबाइल ऐप के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने और गुप्त सूचना देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पंचायत चुनावों को देखते हुए अवैध शराब पर भी विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि एनडीपीएस मामलों में तेजी लाई जा रही है और अंतर्राज्यीय गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे से जुड़ी जानकारी ऐप के जरिए साझा करें।