गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नैनीताल पुलिस ने नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए काठगोदाम क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 91.10 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में काठगोदाम थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने बागजाला स्थित वन विभाग के जू डंपिंग जोन के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा।गिरफ्तार आरोपियों में आनंद सिंह रावत और रोहित थापा शामिल हैं। इनके पास से क्रमशः 68.35 ग्राम और 22.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि आनंद सिंह रावत पहले भी एनडीपीएस मामलों में आरोपी रह चुका है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक को उधम सिंह नगर के शक्तिफार्म क्षेत्र से लाकर हल्द्वानी में बेचते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।