लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में स्थित इस्कॉन मंदिर के बाहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी 21 वर्षीय अभिज्ञान गुप्ता की कथित तौर पर कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिज्ञान मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास जूते-चप्पल उतार रहे थे। इसी दौरान वहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए वाटर-स्प्रे कूलर के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट लगा और वे जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे के बाद की स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कूलर नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए लगाया गया था। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।