लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
गुजरात सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि राज्य में 7 जुलाई 2026 से जायद (गर्मी की) मूंग की फसल की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर शुरू की जाएगी। यह खरीद केंद्र सरकार की पीएम-आशा योजना के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के तहत की जाएगी, जिसका उद्देश्य किसानों को बाजार मूल्य गिरने की स्थिति में सुरक्षित मूल्य उपलब्ध कराना है।
सरकारी जानकारी के अनुसार, इस योजना के लिए राज्यभर से अब तक 14,383 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 51 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां पंजीकृत किसानों को SMS के जरिए उनकी तिथि और समय की जानकारी भेजी जाएगी। इसके बाद किसान निर्धारित समय पर अपनी उपज लेकर केंद्र पर पहुंचेंगे।
सरकार ने बताया कि इस वर्ष जायद मूंग का MSP 8,768 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। खरीद प्रक्रिया किसानों की बोई गई भूमि के आधार पर होगी, जिसमें प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादन 1,200 किलोग्राम माना जाएगा, जबकि प्रति किसान अधिकतम 1,500 किलोग्राम तक ही खरीद की जाएगी।
राज्य सरकार का कहना है कि इस पहल से किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलेगा और बाजार में उतार-चढ़ाव की स्थिति में भी उनकी आय सुरक्षित रहेगी। प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों से तय समय पर खरीद केंद्र पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।