अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नई दिल्ली, 27 फरवरी। राजधानी दिल्ली में कला और संस्कृति के रंग एक बार फिर बिखरने वाले हैं। Sanskar Bharati दिल्ली सरकार के सहयोग से 28 फरवरी और 1 मार्च को Mandi House स्थित Rabindra Bhavan में दो दिवसीय भव्य सांस्कृतिक आयोजन ‘दिल्ली कला उत्सव’ का आयोजन करेगा।
यह उत्सव भारतीय कला, संस्कृति और परंपरा की विविध धाराओं को एक मंच पर लाने का प्रयास है। तीसरे संस्करण के रूप में आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम पूर्व वर्षों में भी कला प्रेमियों से सराहना प्राप्त कर चुका है।
उत्सव में शास्त्रीय और लोक नृत्य, संगीत व गायन प्रस्तुतियां, नाट्य मंचन, कवि सम्मेलन, चित्रकला और मूर्तिकला प्रदर्शनी जैसी अनेक विधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा कठपुतली कला, बायस्कोप, कुम्हार कला, बहुरूपिया प्रदर्शन, लाख की चूड़ियां और पारंपरिक शिल्पकारों की सहभागिता भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
इस वर्ष ‘दिल्ली-6’ के पारंपरिक व्यंजन भी उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे, जहां आगंतुक सामान्य शुल्क पर पुरानी दिल्ली के असली स्वाद का आनंद ले सकेंगे।
दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक चलने वाला यह उत्सव होली से पहले राजधानी में सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण तैयार करेगा। परिवारों, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों के लिए भारतीय संस्कृति के विविध रंगों को करीब से देखने का यह सुनहरा अवसर होगा