अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया l
पटना, 31 मार्च। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मंगलवार सुबह किशनगंज जिले के डीएसपी गौतम कुमार और सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार के कुल 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
ईओयू को दोनों अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की गुप्त सूचना मिली थी। सत्यापन के बाद केस दर्ज कर निगरानी की विशेष अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि डीएसपी गौतम कुमार ने अपनी महिला मित्र शगूफ्ता खातून के नाम पर कई भूखंड खरीदे थे, जिन्हें बाद में उनके बेटों के नाम गिफ्ट कर दिया गया। ईओयू के अनुसार, गौतम कुमार ने अपनी ज्ञात आय से लगभग 1.94 करोड़ रुपये (करीब 60.27%) अधिक संपत्ति अर्जित की है। उनके पटना, पूर्णिया और किशनगंज स्थित छह ठिकानों पर अलग-अलग टीमों द्वारा तलाशी ली जा रही है।
वहीं सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार पर भी आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। जांच में उनके पास लगभग 2.41 करोड़ रुपये (करीब 78.03%) अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं। ईओयू की टीमें सहरसा और मुजफ्फरपुर स्थित उनके छह ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
ईओयू अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।