गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को US Central Command (CENTCOM) के प्रमुख ने संभावित “फाइनल ब्लो” यानी आखिरी सैन्य हमले के विकल्पों पर विस्तृत ब्रीफिंग दी।
बताया जा रहा है कि इस हाई-लेवल ‘वॉर रूम’ मीटिंग में करीब 45 मिनट तक चर्चा चली, जिसमें ईरान के सैन्य ढांचे, नेतृत्व और इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने के विकल्प शामिल थे।
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच टकराव चरम पर है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को लेकर दोनों देशों के बीच गतिरोध बना हुआ है, जिससे वैश्विक तेल सप्लाई और कीमतों पर भी असर पड़ा है।
हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में दावा किया है कि संघर्ष “सीजफायर” के कारण खत्म हो चुका है, लेकिन जमीनी हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं और सैन्य विकल्प खुले रखे गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह ‘वॉर रूम’ मीटिंग इस बात का संकेत है कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर फिर से बड़े सैन्य ऑपरेशन शुरू कर सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह तय होगा कि कूटनीति आगे बढ़ती है या संघर्ष फिर तेज होता है।