लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
ऑकलैंड, न्यूजीलैंड: भारत और न्यूजीलैंड ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देते हुए उन्हें रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership) का दर्जा देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की बैठक में दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को ₹35,000 करोड़ तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया।
दोनों नेताओं ने 'रोडमैप टू 2030' को अपनाया, जिसके तहत व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, शिक्षा, कृषि, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत किया जाएगा। इस दौरान दोनों देशों के बीच 18 महत्वपूर्ण समझौतों और पहलों पर सहमति बनी, जो भविष्य में सहयोग को नई दिशा देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के साझा लोकतांत्रिक मूल्य, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग और आर्थिक साझेदारी दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाएंगे। वहीं प्रधानमंत्री लक्सन ने भारत को न्यूजीलैंड का प्रमुख रणनीतिक और आर्थिक साझेदार बताते हुए व्यापार एवं निवेश बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
यह यात्रा ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि लगभग 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा हुई है। दोनों देशों ने मुक्त, सुरक्षित और समावेशी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए मिलकर काम करने तथा रक्षा एवं समुद्री सहयोग को और गहरा करने पर भी सहमति व्यक्त की।