अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
जयपुर/अजमेर, 28 फरवरी। नरेंद्र मोदी ने अजमेर से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रदेश को 16 हजार 686 करोड़ रुपये की 43 बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
कायड़ विश्रामस्थली स्थित टीकाकरण केंद्र से प्रधानमंत्री ने सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ इस राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की और 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद भी किया। एचपीवी संक्रमण को सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है, और इसके टीकाकरण के लिए यू-विन प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रीय राजमार्ग, एक्सप्रेसवे, एलिवेटेड रोड, पेयजल परियोजनाओं और औद्योगिक विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें बांदीकुई-जयपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे का पैकेज-14, जयपुर और जोधपुर में एलिवेटेड रोड परियोजनाएं तथा पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक क्षेत्र के विकास कार्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न जिलों में पेयजल और नहर विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई, जिससे औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को गति मिलने की उम्मीद है। समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उपस्थित रहे।