गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ बॉक्स ऑफिस पर शुरुआती शानदार ओपनिंग के बाद अब थोड़ी धीमी पड़ती नजर आ रही है। फिल्म ने रिलीज के चार दिनों में 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का घरेलू कलेक्शन कर लिया है, लेकिन बड़े बजट की फिल्मों से मिल रही कड़ी टक्कर का असर इसकी रफ्तार पर दिख रहा है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने चौथे दिन करीब 8 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। पहले दिन 34.75 करोड़ की ओपनिंग के बाद दूसरे दिन 9 करोड़ और तीसरे दिन 9.05 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इस तरह फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 60.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में लगभग 10.12 करोड़ रुपये कमाए हैं, जिससे कुल वैश्विक कलेक्शन 81.78 करोड़ रुपये हो गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म जल्द ही 100 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है।
हरीश शंकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राशि खन्ना और श्रीलीला भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म थलापति विजय की तमिल फिल्म ‘थेरी’ का रीमेक है।