लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
अभिनेत्री मंदिरा बेदी ने हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म 'मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अपने जीवन के सबसे कठिन दौर को याद किया। पति और फिल्ममेकर राज कौशल के 2021 में निधन के बाद वह गहरे सदमे में थीं। इस दौरान वह भावुक हो गईं और बताया कि थेरेपी ने उन्हें उस दर्द से बाहर निकलने में बड़ी भूमिका निभाई।
मंदिरा ने कहा कि वह करीब 20 वर्षों से जरूरत पड़ने पर थेरेपी और काउंसलिंग लेती रही हैं। उनके अनुसार, जब भी उन्हें लगा कि जीवन में कुछ असंतुलित है या मानसिक रूप से वह संघर्ष कर रही हैं, तब उन्होंने पेशेवर मदद ली और इससे हमेशा सकारात्मक परिणाम मिले।
उन्होंने बताया कि पति राज कौशल के अचानक निधन के बाद थेरेपी उनके लिए "हीलिंग" का सबसे बड़ा जरिया बनी। मंदिरा ने कहा कि उस मुश्किल समय में उन्होंने अपनी भावनाओं को समझने और खुद को संभालने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली, जिससे धीरे-धीरे वह सामान्य जीवन की ओर लौट सकीं।
राज कौशल का जून 2021 में 50 वर्ष की आयु में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। मंदिरा बेदी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बात करना जरूरी है और जरूरत पड़ने पर पेशेवर सहायता लेने में कोई झिझक नहीं होनी चाहिए। उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर भी काफी सराहना हो रही है।