गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
कोलकाता। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण और उत्तर बंगाल के विभिन्न हिस्सों में कालबैशाखी के प्रभाव से तेज हवाएं, गरज-चमक और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।
गुरुवार को ही राज्य के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिला। खराब मौसम के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ और कोलकाता लौटते समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के पांच जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश हो सकती है। वहीं कोलकाता सहित अन्य जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है।
शनिवार को भी पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और पश्चिम बर्धमान के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
उत्तर बंगाल में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है, जबकि जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। यहां भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।
इसके अलावा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर तथा मालदह जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि, उन्होंने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है