अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नई दिल्ली, 09 मार्च। द्वारका जिले के उत्तम नगर इलाके में दो समुदायों के बीच हुए विवाद के बाद हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे सात और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा एक 14 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कुल 14 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सायरा उर्फ काली (40), सरिफन (50), सलमा (36), सुहैल उर्फ साहिल (21), समीर चौहान (20), फिरोज (22) और इस्माइल (50) के रूप में हुई है। सभी आरोपी उत्तम नगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पुलिस ने एक 14 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि ये सभी आरोपी हत्या के मामले में वांछित थे और घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर इनकी पहचान कर गिरफ्तारी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर फरार आरोपितों को पकड़ने की कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित रूप से शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिल सके।
पुलिस के मुताबिक मामले की जांच अभी जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।