गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के प्रशिक्षु प्रशिक्षण केंद्र सुपौल में 12वें बुनियादी प्रशिक्षण के अंतर्गत 16 नव-प्रशिक्षुओं ने 24 सप्ताह का कठोर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उप-महानिरीक्षक विजय सिंह उपस्थित रहे। उनका स्वागत द्वितीय कमान अधिकारी मनीष कुमार मीना ने किया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षुओं के अनुशासन, समर्पण एवं उत्साह की सराहना की।
दीक्षांत परेड के दौरान प्रशिक्षण स्टाफ के साथ प्रशिक्षुओं के परिजन भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बनकर नव-प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में उप-महानिरीक्षक विजय सिंह ने कहा, “यह वर्दी राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता एवं सम्मान का प्रतीक है। आप सभी ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ जो प्रशिक्षण प्राप्त किया है, वही आपके सेवाकाल की मजबूत नींव बनेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी प्रशिक्षु अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे तथा बल की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर प्रशिक्षुओं में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। 24 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद अब ये नव-प्रशिक्षु देश सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं।