गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
हरियाणा के पानीपत जिले में ज्वेलरी कारोबार से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक कारीगर लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गया। इस घटना से सुभाष बाजार के ज्वेलर्स में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, न्यू जगन्नाथ विहार कॉलोनी निवासी सचिन वर्मा की सुभाष बाजार में श्यामा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने पश्चिम बंगाल निवासी मोईदुल मोलिक को ज्वेलरी रिपेयरिंग के काम के लिए अपने यहां रखा था। सचिन ने आरोपी को करीब 4.85 लाख रुपये के आभूषण मरम्मत के लिए दिए थे।
25 मार्च को जब सचिन वर्मा उज्जैन यात्रा से लौटे, तो उन्होंने पाया कि आरोपी कमरे पर ताला लगाकर फरार हो चुका है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने केवल एक ही दुकान नहीं, बल्कि अन्य ज्वेलर्स को भी निशाना बनाया है।
आरोपी ने करनाल निवासी सुरजीत कुमार की लगभग तीन लाख रुपये की ज्वेलरी और एक लाख 20 हजार रुपये नकद तथा मोहम्मद अहसान के 34.400 ग्राम सोने के आभूषण भी हड़प लिए। कुल मिलाकर आरोपी करीब 86 ग्राम सोना और नकदी सहित लगभग 10 लाख रुपये की ठगी कर फरार हो गया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।