गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर अब पड़ोसी देशों में साफ दिख रहा है। Pakistan में ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जबकि Nepal ने अपने नागरिकों को राहत दी है।
पाकिस्तान सरकार ने हाल ही में पेट्रोल और डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी की है। नई दरों के अनुसार, पेट्रोल की कीमत करीब 399.86 रुपये प्रति लीटर और डीजल 399.58 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है—यानी 400 रुपये के बेहद करीब।
इस बढ़ोतरी में पेट्रोल पर 6.51 रुपये और डीजल पर 19.39 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ेगी और महंगाई पर और दबाव पड़ेगा।
इसके पीछे मुख्य वजह वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में जारी तनाव को माना जा रहा है, जिसका सीधा असर आयात पर निर्भर देशों पर पड़ रहा है।
वहीं दूसरी ओर नेपाल ने आम लोगों को राहत देते हुए ईंधन के दाम घटाए हैं। नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन ने पेट्रोल में करीब 2 रुपये और डीजल में 12 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है।
इस फैसले से नेपाल में ईंधन की कीमतों में कुछ राहत आई है, हालांकि पिछले महीनों में वहां भी कीमतें लगातार बढ़ रही थीं।
दिलचस्प बात यह है कि भारत-नेपाल सीमा के इलाकों में ईंधन के दामों में अंतर बढ़ने से सीमा पार खरीदारी का ट्रेंड भी बढ़ सकता है।