गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
हिमाचल प्रदेश के नाहन शहर में वीरवार को भगवान खाटू श्याम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्री बालाजी एवं खाटू श्याम शहर मंडल की ओर से आयोजित वार्षिक उत्सव के तहत काली स्थान तालाब स्थित प्राचीन बालाजी मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।
पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई इस शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। फूलों से सजे रथ पर विराजमान बाबा के दर्शन करते हुए भक्त नाचते-गाते और हाथों में निशान लेकर पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे।
शोभा यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों—नया बाजार, दिल्ली गेट, गोविंदगढ़, बाल्मीकि नगर, कच्चा टैंक, छोटा चौक, बड़ा चौक और गुन्नू घाट से होकर गुजरी। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा और जलपान की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
देर शाम यह यात्रा ऐतिहासिक चौगान मैदान में संपन्न होगी, जहां बाबा की विशेष आरती आयोजित की जाएगी।
आयोजक दीपक चौधरी ने बताया कि शुक्रवार शाम चौगान मैदान में विशाल संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दिल्ली की प्रसिद्ध भजन गायिका भावना स्वरांजलि बाबा का गुणगान करेंगी। इस अवसर पर भव्य दरबार सजाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सुख-शांति, भाईचारा और सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करना है।