गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Dr. Vivek Bharti ने सभी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपनी-अपनी मंडियों और खरीद केंद्रों पर प्रतिदिन सुबह 9 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और किसानों की फसल की खरीद सरकार के निर्धारित नियमों के तहत सुनिश्चित करें।
लघु सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान डीसी ने कहा कि फसल की खरीद के साथ-साथ उसका समय पर उठान (लिफ्टिंग) भी उतना ही जरूरी है। किसी भी मंडी में फसल का ढेर लगने या जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
उन्होंने सभी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उठान कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू बनी रहें।
डीसी ने मंडियों के लिए नियुक्त प्रशासनिक नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहें। साथ ही, उठान के लिए लगाई गई गाड़ियों को सरकार के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि फसल को निर्धारित भंडारण स्थलों तक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पहुंचाया जाए। मंडियों और खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए, ताकि किसी भी किसान को फसल बेचने में परेशानी न हो।
डीसी ने दोहराया कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों को सहज, पारदर्शी और व्यवस्थित खरीद व्यवस्था उपलब्ध कराना है, और इसके लिए सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी।