अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मधेपुरा, 20 फरवरी। बिहार के मधेपुरा जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के सुखासन वार्ड संख्या-06 में अज्ञात बदमाशों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति चुरा ली। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित राजकमल सिंह के अनुसार, गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे के बाद चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस आए। बदमाशों ने अलमारी और बक्सों में रखे कीमती सामान को निशाना बनाया।
चोरी गए सामान में सोने-चांदी के जेवरात—अंगूठी, चेन, कान की बाली और पायल—शामिल हैं। इसके अलावा दुकान निर्माण के लिए घर में रखी 60 से 70 हजार रुपये नकद राशि भी बदमाश ले गए। कुछ महंगे कपड़े भी चोरी कर लिए गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान 8 से 9 लाख रुपये के बीच आंका गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सदर थाना अध्यक्ष बिमलेंदु ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके के लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।