गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Khunti, 25 मार्च । खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 39 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अफीम और डोडा बरामद किया है। इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर गाड़ी गांव में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान संतोष आइंद के घर से 39.78 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये है। पूछताछ के आधार पर जीवन जशमन आइंद के ठिकाने पर छापा मारकर 6.320 किलोग्राम अफीम बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 31.50 लाख रुपये आंकी गई।
इस मामले में महादेव टूटी और जाठा सांगा को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने करीब एक एकड़ में लगी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया है।
पुलिस ने जरियागढ़ थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जिले में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।