गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
उत्तर प्रदेश के जौनपुर के जंघई बाजार में शनिवार सुबह करीब 5 बजे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते बैंक के अंदर रखा फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गए।
घटना के समय बैंक के ऊपर रहने वाले मकान मालिक धर्मेंद्र जायसवाल ने धुआं उठता देख तुरंत सतर्कता दिखाई और परिवार के साथ बाहर निकल गए। उनकी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही बैंक मैनेजर जगदीश सिंह, जो अवकाश पर थे, ने तत्काल स्टाफ को मौके पर भेजा और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि प्रयागराज से दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया, तब तक आग ने बैंक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस और दमकल टीम ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।