लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) की संयुक्त ग्लोबल स्टेटस रिपोर्ट ऑन कैंसर 2026 में चेतावनी दी गई है कि यदि तत्काल और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो वर्ष 2050 तक दुनिया में हर साल कैंसर के नए मामलों की संख्या लगभग 3.5 करोड़ तक पहुंच सकती है।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में हर वर्ष दुनिया भर में करीब 2.06 करोड़ नए कैंसर के मामले सामने आते हैं, जबकि लगभग 1 करोड़ लोगों की इस बीमारी से मौत हो जाती है। कैंसर प्रतिदिन 26,000 से अधिक लोगों की जान ले रहा है और यह हृदय रोगों के बाद दुनिया में मौत का दूसरा सबसे बड़ा कारण बना हुआ है।
WHO ने कहा कि कैंसर केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मरीजों और उनके परिवारों पर शारीरिक, मानसिक और आर्थिक बोझ भी डालता है। रिपोर्ट में कैंसर की रोकथाम के लिए तंबाकू नियंत्रण, टीकाकरण कार्यक्रमों के विस्तार, समय पर जांच, बेहतर उपचार सुविधाओं और लोगों की जरूरतों पर आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सरकारों, स्वास्थ्य संस्थानों और समाज को मिलकर कैंसर की रोकथाम और उपचार के लिए निवेश बढ़ाना होगा। ऐसा करने से भविष्य में कैंसर के बढ़ते मामलों और उससे होने वाली मौतों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।