लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
भारतीय रेलवे ने डिजिटल टिकटिंग को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब RailOne App से बुक किए गए अनारक्षित (Unreserved) डिजिटल टिकट के सत्यापन के लिए केवल RailOne ऐप में उपलब्ध मूल (Original) टिकट ही मान्य होगा। WhatsApp पर भेजा गया टिकट, स्क्रीनशॉट, फोटो या PDF कॉपी को वैध यात्रा दस्तावेज नहीं माना जाएगा।
रेलवे के अनुसार, टिकट उसी मोबाइल फोन और उसी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर उपलब्ध होना चाहिए, जिससे टिकट बुक किया गया था। यदि टिकट जांच के दौरान यात्री केवल WhatsApp पर भेजा गया स्क्रीनशॉट या किसी अन्य माध्यम से साझा की गई कॉपी दिखाता है, तो उसे वैध टिकट नहीं माना जाएगा और रेलवे नियमों के अनुसार कार्रवाई हो सकती है।
रेलवे ने यह स्पष्टीकरण एक हालिया घटना के बाद जारी किया, जिसमें एक यात्री ने टिकट की WhatsApp कॉपी दिखाई थी और उसे वैध नहीं माना गया। इसके बाद अधिकारियों ने दोबारा स्पष्ट किया कि डिजिटल टिकट का सत्यापन केवल आधिकारिक RailOne ऐप में उपलब्ध मूल टिकट के आधार पर ही किया जाएगा।
RailOne भारतीय रेलवे का एकीकृत ऐप है, जिसमें आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुकिंग, लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, शिकायत दर्ज कराने, रिफंड और अन्य कई सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपने फोन में RailOne ऐप पर टिकट उपलब्ध होने की पुष्टि कर लें, ताकि टिकट जांच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।