गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
रानीपुर पुलिस और उत्तराखंड गौवंश स्क्वाड ने संयुक्त छापेमारी कर गौ-तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 300 किलो गौमांस बरामद किया और चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह ग्राम दादूपुर गोविंदपुर में अकरम के घर पर छापा मारा गया। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि यहां अवैध रूप से पशु कटान कर गौमांस का कारोबार किया जा रहा है।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम (60), अजीम (22), आदिल (50) और नसरत (27) के रूप में हुई है। सभी आरोपी दादूपुर सलेमपुर, थाना रानीपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान मोसिन पुत्र अकरम पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 300 किलो गौमांस के साथ अवैध पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।
इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध पशु कटान और गौ-तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।