गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
फतेहाबाद जिले के जाखल क्षेत्र में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब पंजाब के पटियाला में हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई।
मृतक हिमांशु और विशाल जिंदल अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि पातड़ा क्षेत्र के गांव बंगा बसेरा के पास उनकी कार सामने से आ रही गाड़ी से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे वाहन की तेज लाइट चालक हिमांशु की आंखों पर पड़ने से संतुलन बिगड़ गया और दोनों गाड़ियों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे से जिंदल परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बड़ा भाई विशाल शादीशुदा था और अपने पीछे एक साल का बेटा छोड़ गया, जबकि छोटा भाई हिमांशु अविवाहित था। दोनों अपने पिता के साथ आढ़त का काम करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की जांच जारी है।