गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
जिले के फालाकाटा ब्लॉक के बंशीधरपुर गांव में इन दिनों दहशत का माहौल बना हुआ है। पहले से ही हाथियों के आतंक से जूझ रहे ग्रामीण अब तेंदुए के हमले से और ज्यादा सहमे हुए हैं।
रविवार देर रात तेंदुए ने गांव के दो घरों की गोशालाओं में घुसकर हमला किया, जिसमें एक बछड़े और एक बकरी की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है।
स्थानीय निवासी संजय सरकार और परीक्षित दास के घरों में यह घटना हुई। संजय के भाई तपन सरकार ने बताया कि रात में अजीब आवाज सुनकर जब वह बाहर निकले तो देखा कि तेंदुआ बछड़े को उठाने की कोशिश कर रहा था। लोगों की आहट पाकर तेंदुआ भाग गया, लेकिन बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया और सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
वहीं, परीक्षित दास की एक बकरी को भी तेंदुए ने मार डाला। गांव के पास जलदापाड़ा पश्चिम रेंज का जंगल होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ वहीं से आबादी वाले क्षेत्र में आया है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों को तेंदुए के पैरों के निशान भी मिले हैं। विभाग ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है और आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।