अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
गाजियाबाद, 02 मार्च। गाजियाबाद में यू-ट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों में से एक को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। मृतक की पहचान जीशान (27) निवासी अमरोहा के रूप में हुई है, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड के अनुसार, शुक्रवार को लोनी थाना क्षेत्र की अली गार्डन कॉलोनी स्थित कार्यालय में हेलमेट पहने दो बाइक सवार बदमाशों ने सलीम वास्तिक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
रविवार देर रात सूचना मिली कि हमलावर लोनी क्षेत्र में किसी अन्य वारदात की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
घटना के बाद सलीम वास्तिक को पहले दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, बाद में परिजनों ने उन्हें साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में शिफ्ट किया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की थी। दोनों बदमाशों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।