गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
कोटखाई क्षेत्र में एक स्पोर्ट्स मीट के दौरान हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद दो छात्र समूहों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च को शिकायतकर्ता शिवांश की शिकायत पर थाना कोटखाई में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि स्पोर्ट्स मीट के दौरान हुई बहस के बाद शाम करीब 6 बजे कुछ युवक उसके पीजी पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। इस घटना में शिवांश के सिर और बाएं हाथ में चोटें आईं। इस मामले में सात नामजद आरोपितों से पूछताछ की जा चुकी है, जो मंडी, सिरमौर, शिमला और हमीरपुर जिलों से संबंधित बताए जा रहे हैं।
इसी घटना से जुड़ा दूसरा मामला भी उसी दिन दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता मोरियन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बास्केटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुई कहासुनी के बाद शाम करीब 5 बजे कॉलेज के बाहर कुछ युवकों ने उसके और उसके साथियों के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। इस मामले में छह युवकों को नामजद कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किए हैं। साथ ही दोनों पक्षों के आरोपितों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना के पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट करने के लिए सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।