गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Haridwar में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिडकुल पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों और वाहन चोरी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिडकुल थाना क्षेत्र में पुलिस टीमों का गठन कर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
रात्रि चेकिंग के दौरान नवोदय नगर चौक के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुधांशु पुत्र परशुराम, निवासी Bijnor बताया, जो वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने दो अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूल की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आईटीआई कॉलेज से पुलिस लाइन तिराहा मार्ग के पास से दो और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। पुलिस ने सभी बरामद वाहन कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।