गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
औरैया जनपद में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर औरैया-इटावा नेशनल हाईवे-19 पर देर रात विशेष चेकिंग की गई।
यह अभियान एसडीएम सदर अजय आनन्द वर्मा के नेतृत्व में संचालित हुआ। चेकिंग के दौरान कुल 14 डम्परों को रोककर उनके दस्तावेज और खनिज परिवहन से जुड़े परमिट की जांच की गई।
जांच में 4 डम्पर अवैध रूप से खनिज परिवहन करते पाए गए। इनके पास जरूरी कागजात और वैध अनुमति नहीं होने पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी डम्परों को सीज कर दिया। साथ ही इन पर कुल 2.68 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
अभियान के दौरान खनिज विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने जांच में सहयोग किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसडीएम अजय आनन्द वर्मा ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।