अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया l
नई दिल्ली, 01 अप्रैल। देश में जीएसटी कलेक्शन लगातार मजबूत बना हुआ है। मार्च 2026 में सकल माल एवं सेवा कर (GST) राजस्व संग्रह 8.8 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल मार्च 2025 में यह कलेक्शन 1.83 लाख करोड़ रुपये था, जबकि इस बार इसमें उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से घरेलू कारोबार और आयात से मिलने वाले कर संग्रह में तेजी के कारण हुई है।
मार्च महीने में घरेलू राजस्व 5.9 फीसदी बढ़कर 1.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जबकि आयात से प्राप्त राजस्व 17.8 फीसदी की मजबूत बढ़त के साथ 53,861 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
वहीं, रिफंड (प्रतिदाय) की राशि भी 13.8 फीसदी बढ़कर 22,074 करोड़ रुपये हो गई। रिफंड समायोजित करने के बाद शुद्ध GST संग्रह लगभग 1.78 लाख करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 8.2 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भी GST कलेक्शन में मजबूती देखने को मिली। इस अवधि में सकल GST राजस्व 8.3 फीसदी बढ़कर 22.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। वहीं, शुद्ध राजस्व संग्रह 7.1 फीसदी बढ़कर 19.34 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह आंकड़े देश में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों, आयात में तेजी और बेहतर टैक्स कलेक्शन सिस्टम की ओर संकेत करते हैं।