लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 में पहली बार मल्टी-शिफ्ट परीक्षा के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया लागू की जाएगी। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को कई शिफ्टों में आयोजित हो रही है। अलग-अलग शिफ्टों में प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में संभावित अंतर को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों के अंकों को सांख्यिकीय तरीके से संतुलित किया जाएगा, ताकि सभी उम्मीदवारों के साथ समान और निष्पक्ष मूल्यांकन हो सके।
नॉर्मलाइजेशन का उद्देश्य किसी भी शिफ्ट के उम्मीदवार को कठिन या आसान प्रश्नपत्र के कारण अनुचित लाभ या नुकसान से बचाना है। इसके तहत प्रत्येक शिफ्ट के प्रदर्शन का विश्लेषण कर अंतिम अंक निर्धारित किए जाएंगे। इससे मेरिट सूची अधिक पारदर्शी और न्यायसंगत बनने की उम्मीद है।
इस वर्ष UPTET में करीब 20 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधाओं के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।