अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया ।
लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे निडर होकर देश सेवा करें, उनके परिवार की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी सरकार की है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए सैनिकों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
कार्यक्रम में जमीनी विवाद, पुलिस मामलों, आर्थिक सहायता और स्थानांतरण से जुड़े कई प्रार्थना पत्र भी सामने आए। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
योगी आदित्यनाथ ने खास तौर पर कहा कि सीमा और आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सीधे संपर्क कर समस्याओं का समाधान करने को कहा गया है।
इलाज से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का इलाज धन के अभाव में नहीं रुकेगा। जरूरतमंदों को सरकार की ओर से हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार हर वर्ग के लोगों की मदद के लिए प्रतिबद्ध है और जन समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।