अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मेदिनीपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। कोलकाता के नरेन्द्रपुर स्थित नाजिराबाद इलाके में हुए भीषण गोदाम अग्निकांड के लगभग एक महीने बाद मृतकों की पहचान की प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंच गई है। प्रशासन द्वारा कराए गए डीएनए परीक्षण में अब तक 16 श्रमिकों की पहचान की पुष्टि हो चुकी है, जबकि शेष पांच की रिपोर्ट आना बाकी है।
गौरतलब है कि 25 जनवरी की रात लगी आग में पूर्व मिदनापुर जिले के कुल 21 श्रमिक लापता हो गए थे। हादसे के बाद से ही परिजन अपने प्रियजनों की तलाश में जुटे थे। शुरुआत में कई परिवारों को उम्मीद थी कि उनके अपने किसी अस्पताल में भर्ती होंगे या किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए होंगे, लेकिन समय के साथ आशंकाएं गहराती चली गईं।
पहचान सुनिश्चित करने के लिए तामलुक, पांशकुड़ा, मयना, नंदकुमार, सुताहाटा और शहीद मातंगिनी ब्लॉक के परिजनों के डीएनए नमूने एकत्र किए गए थे। जिला प्रशासन के अनुसार जिन 16 मामलों में डीएनए मैच हो चुका है, उनके परिवारों को आधिकारिक रूप से सूचना दे दी गई है। रिपोर्ट मिलते ही संबंधित गांवों में शोक की लहर फैल गई।
Younis Rishin Ismail ने बताया कि शेष रिपोर्ट जल्द प्राप्त होने की उम्मीद है और पूरी प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, जिन मृतकों की पहचान हो चुकी है, उनके अवशेष कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि बाकी परिवारों को भी शीघ्र स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अनिश्चितता की स्थिति समाप्त हो सके।