लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शुक्रवार को 131वें संविधान संशोधन विधेयक के तहत ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर सदन में हुई कार्यवाही के दौरान देवरिया लोकसभा के सांसद Shashank Mani ने दमदार अभिभाषण दिया।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कई बार देवरिया और कुशीनगर का उल्लेख किया और इन जिलों की महिला उद्यमियों का जिक्र करते हुए इस विधेयक को महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक केवल देश की 50 प्रतिशत आबादी को सशक्त नहीं करेगा, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में नई दिशा भी तय करेगा। उनके अनुसार, यह कानून ऐसा भारत बनाएगा जहां महिलाएं और पुरुष साथ-साथ विकास की राह पर आगे बढ़ेंगे।
सांसद ने अपने भाषण में पांच प्रमुख बिंदु रखते हुए कहा कि यह विधेयक महिलाओं की शक्ति को पुनर्स्थापित करेगा, सामूहिक बुद्धिमत्ता को बढ़ाएगा और देश के विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि इससे देवरिया और कुशीनगर जैसे जिलों को भी सशक्त बनाने में मदद मिलेगी और भारत को ‘विश्वबंधु’ के रूप में स्थापित करने में योगदान मिलेगा।
उन्होंने सदन में बिना आरक्षण के उपस्थित 74 महिला सांसदों को नमन किया और अपने लोकसभा क्षेत्र देवरिया की लगभग 15 लाख महिलाओं का आभार व्यक्त किया।
सांसद ने बताया कि देवरिया में महिलाओं के लिए एक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया गया है, जहां “अमृत प्रयास” नामक 10 वर्षीय विकास रणनीति के तहत स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिससे महिलाओं में आर्थिक और सामाजिक जागरूकता बढ़ रही है।