एल एन आई न्यूज़ एजेंसी ,
नकली बीज घोटाले में एसीबी का बड़ा धमाका, बीज निगम निदेशक के घर से 1.59 करोड़ बरामद, कुल 2.44 करोड़ की नकदी जब्त
जयपुर,8 जून 2026 : राजस्थान में नकली बीजों के कारोबार और कथित रिश्वतखोरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई सहित कई लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान अब तक कुल 2 करोड़ 44 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है।
एसीबी के अनुसार, किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने से जुड़े इस संवेदनशील मामले में गजराज ब्रांड के मूंगफली बीजों की जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। जांच में पता चला कि संबंधित गोदाम पर हुई कार्रवाई को प्रभावित करने, प्रकरण को दबाने तथा कथित नकली बीजों को वापस गुजरात ले जाने की अनुमति दिलाने के बदले भारी रिश्वत का लेन-देन हुआ।
सूचना मिलने पर एसीबी ने शनिवार सुबह बीकानेर जिले के लूणकरणसर में एक बस को रुकवाकर तलाशी ली। बस में जुगल किशोर बिश्नोई के भांजे स्वतंत्र बिश्नोई के पास से लगभग 85 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
इधर, जयपुर में जुगल किशोर बिश्नोई के घर की तलाशी के दौरान 1 करोड़ 59 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह अब तक कुल 2.44 करोड़ रुपये की राशि जब्त हो चुकी है।
एसीबी ने जुगल किशोर बिश्नोई, गजराज ब्रांड से जुड़े कारोबारी किरण कापड़िया, गणपत बिश्नोई, सुनील सेतिया और सतपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीजों के नमूनों को पास करवाने, बिक्री पर लगी रोक हटवाने और अन्य प्रशासनिक राहत दिलाने के लिए कथित तौर पर करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया।
मामले की जांच एसीबी मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जारी है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।