गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi का अलग अंदाज कोलकाता में देखने को मिला। झारग्राम में झालमुड़ी खाने के बाद शुक्रवार सुबह पीएम मोदी गंगा घाट पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा को नमन किया और बोट की सवारी की। इस दौरान उन्होंने हाथ में कैमरा लेकर हुगली नदी, हावड़ा पुल और आसपास के खूबसूरत दृश्यों को कैद किया।
गंगा घाट पर प्रधानमंत्री के अचानक पहुंचने से वहां मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़े। पीएम मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए आम लोगों से मुलाकात की, बातचीत की और एक व्यक्ति को गले लगाकर उसका हाल जाना। यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
गुरुवार को नदिया और दक्षिण 24 परगना में जनसभाओं को संबोधित करने, बेलूर मठ में दर्शन करने और हावड़ा में भव्य रोड शो के बाद प्रधानमंत्री ने राजभवन में रात्रि विश्राम किया था। सुबह गंगा तट पर पहुंचकर उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि बंगाल की आत्मा में बहने वाली सांस्कृतिक धारा है। उन्होंने नाविकों और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात कर उनकी मेहनत और अनुशासन की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हुगली के तट पर बिताया गया यह समय मां गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर था। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के विकास और जनता की समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।