गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नरेन्द्र मोदी ने बुधवार सुबह असम के डिब्रूगढ़ स्थित मनोहारी चाय बागान का दौरा किया, जहां उन्होंने खुद चाय की पत्तियां तोड़कर राज्य के चाय उद्योग के महत्व को उजागर किया।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने चाय बागान की महिला श्रमिकों और अन्य कामगारों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की। उन्होंने श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके जीवन, कामकाज और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने श्रमिकों से उनके बच्चों की शिक्षा, मजदूरी और आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में भी पूछा। यह संवाद चाय बागान श्रमिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मंगलवार रात चुनावी प्रचार अभियान के सिलसिले में डिब्रूगढ़ पहुंचे थे। वे शाम करीब 8:40 बजे मोहनबाड़ी हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां से वे काफिले के साथ मनोहारी रिजॉर्ट के लिए रवाना हुए और वहीं रात्रि विश्राम किया।
अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री धेमाजी और लखीमपुर जिलों में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी सभाओं को भी संबोधित करेंगे।